कांग्रेस प्रत्याशी वृंदा सुरेश भोई का जनसंपर्क अभियान तेज, डोर टू डोर जाकर मांग रही समर्थन

सरायपाली। सरायपाली नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत अध्यक्ष पद प्रत्याशी वृंदा सुरेश भोई का चुनाव प्रचार जोरों पर है। वे लगातार विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क कर रही हैं और मतदाताओं से कांग्रेस को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील कर रही हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान वृंदा सुरेश भोई ने वार्ड क्रमांक 9, 10 (जैन मोहल्ला), 13 (विनायक विहार) और 15 (महलपारा) में डोर टू डोर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सरायपाली की जनता भाजपा शासन से त्रस्त हो चुकी है और बदलाव चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नगर पालिका में विकास कार्यों की अनदेखी की, जिससे शहर में साफ-सफाई, जल आपूर्ति और बिजली जैसी मूलभूत समस्याएं विकराल हो गई हैं।

उन्होंने कहा, “भाजपा ने महतारी वंदन योजना के तहत हर महिला को 1000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनते ही पात्र महिलाओं को अपात्र कर दिया गया, जिससे हजारों महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।”

भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के लगे आरोप
कांग्रेस प्रत्याशी ने नगर पालिका में भाजपा के शासन को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने विकास की बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। गौरव पथ निर्माण, कर्मचारी भवन और बड़े तालाब सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों में भारी अनियमितताएं देखने को मिली हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब इस भ्रष्टाचार और कुप्रशासन से त्रस्त हो चुकी है और परिवर्तन का मन बना लिया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश, बढ़-चढ़कर कर रहे प्रचार
वृंदा सुरेश भोई के प्रचार अभियान में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। उनके साथ महिला कांग्रेस नेत्री दीपांजलि बारीक, वार्ड 9 से पार्षद प्रत्याशी कृष्णा सेठ, वार्ड 10 से शाहजहां लखानी, वार्ड 15 से मेहतरीन चौहान सहित कई स्थानीय नेता और महिलाएं मौजूद रहीं।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने इस बार पूर्व पार्षद सुरेश भोई की पत्नी वृंदा भोई को उम्मीदवार बनाया है। उनके परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि और एक आम गृहणी के रूप में उनकी छवि कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।

Leave a Comment