महिलाओं की तरक्की से ही संभव है देश और प्रदेश का विकास : चातुरी नंद

सरायपाली। क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद क्वींस ग्रुप द्वारा आयोजित महिला दिवस एवं होली मिलन समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में उन्नति के नए सोपान तय कर रही हैं और उनकी तरक्की से ही देश और प्रदेश का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक चातुरी नंद और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तत्पश्चात, क्वींस ग्रुप के सदस्यों ने अतिथियों का सप्रेम स्वागत किया।

अपने संबोधन में विधायक नंद ने कहा कि महिलाएं अब किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने विज्ञान, राजनीति, खेल, उद्योग, प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी सफलता के झंडे गाड़े हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगी।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्वींस ग्रुप की सदस्याएं और क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विधायक नंद ने क्वींस ग्रुप के सदस्यों को बधाई दी और ऐसे कार्यक्रमों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

Leave a Comment