सीएचओ आरती यादव की आत्महत्या: शोषण, उपेक्षा और संविदा प्रणाली की एक और बलि, संघ ने उठाई आवाज – 26वीं मौत पर भी शासन मौन


जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जंगलपुर में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) आरती यादव ने आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना न केवल व्यक्तिगत त्रासदी है, बल्कि छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था की गहराई तक जमी खामियों का स्पष्ट प्रमाण बन गई है।

आरती यादव हाल ही में पति को दुर्घटना में खो चुकी थीं और एक वर्ष के मासूम बच्चे की मां थीं। मानसिक और आर्थिक दबाव के बावजूद, उन्होंने अपने कर्तव्यों को निभाया। मगर शोषण और उपेक्षा की पराकाष्ठा ने उन्हें जीवन से हार मानने को मजबूर कर दिया।

पति की मृत्यु के बाद अवकाश के लिए किया गया निवेदन अस्वीकार कर दिया गया। दुर्ग से दूर जंगलपुर में वह अकेले कार्यरत थीं। किसी सहयोगी या मदद के बिना, स्वास्थ्य केंद्र के संचालन की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। त्योहारी सीजन में केंद्र बंद होने के बावजूद उच्चाधिकारियों द्वारा की गई शिकायतों और वेतन कटौती की धमकियों ने उनके मानसिक संतुलन को तोड़ डाला। वेतन और फंड रोकने की कार्यवाही ने उनके आर्थिक हालात बिगाड़ दिए। हाल ही में जारी TOR के अनुसार, चार लोगों का कार्यभार अकेले उठाना उनकी मजबूरी बन गया था।

यह पहला मामला नहीं है। बीते तीन वर्षों में 5 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की मौतें कार्यदबाव और शोषण के कारण हुई हैं। छत्तीसगढ़ राज्य एनएचएम कर्मचारी संघ और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ ने आरती यादव की मौत को व्यवस्था की विफलता करार देते हुए न्याय की मांग की है।

संघ के प्रांताध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार और प्रांतीय महामंत्री आशीष नंद ने बताया कि यह घटना प्रदेशभर के 3,500 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों में आक्रोश फैला रही है। उनका कहना है कि महिला कर्मियों पर अत्याचार की यह 26वीं घटना है, जिसके लिए महिला एवं बाल विकास मंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भी भेजा था, पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

संघ की प्रमुख मांगें:

  • कार्यभार में सुधार
  • मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान
  • संविदा शोषण की समाप्ति
  • नियमितीकरण व स्थानांतरण की प्रक्रिया पारदर्शी बनाना

अगर शासन ने समय रहते इस पर संज्ञान नहीं लिया, तो प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।


प्रश्न बना हुआ है – कब सुनेगा शासन? कब मिलेगा न्याय?

Leave a Comment