महासमुंद, 17 अप्रैल 2025/ महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखण्ड का ग्राम गबोद, जो पहले ही अपनी हरियाली और स्वच्छता के लिए “ग्रीन गांव” के रूप में प्रसिद्ध था, अब जल आपूर्ति के क्षेत्र में भी एक नई मिसाल बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी “हर घर जल योजना” के अंतर्गत गबोद को 14 जनवरी 2025 को “हर घर जल ग्राम” घोषित किया गया।
गांव वासियों के अनुशासन और देशभक्ति की मिसाल भी यहां देखने को मिलती है। प्रत्येक सुबह 7:30 बजे गांव के सभी नागरिक अपने घरों के सामने एकत्र होकर गर्व के साथ राष्ट्रगान गाते हैं, जो गबोद की एक विशेष पहचान बन गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्राम गबोद में 89.39 लाख रुपये की लागत से 40 किलोलीटर क्षमता वाला उच्चस्तरीय जलागार और 760 मीटर लंबी पाइपलाइन का निर्माण किया गया। इसके साथ ही गांव के 138 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए गए। अब हर घर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध है।
पूर्व में ग्रामीणों, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को जल आपूर्ति के लिए पांच हैंडपंपों और कुछ कुओं पर निर्भर रहना पड़ता था। बरसात के दिनों में यह कार्य और भी कठिन हो जाता था, जिससे कई बार आपसी विवाद भी उत्पन्न होते थे। अब इस समस्या का स्थायी समाधान हो चुका है।
शुद्ध जल की उपलब्धता ने गांव में सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों पर सकारात्मक प्रभाव डाला है। महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है, समय की बचत होने से वे अब आर्थिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी कर रही हैं। बच्चों को पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल रहा है और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
गांववाले अब जल संरक्षण और पौधारोपण जैसे कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। ग्रीन गांव गबोद अब आसपास के अन्य गांवों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
गांव की महिला पूजा सिंह ठाकुर ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “अब पानी की समस्या नहीं रही। हम सब सरकार के आभारी हैं।” ग्रामवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हृदय से धन्यवाद प्रकट किया है।
