सरायपाली। नगर निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद और कांग्रेस अध्यक्ष पद की प्रत्याशी वृंदा सुरेश भोई ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर मतदाताओं से पंजा छाप पर वोट देने की अपील की।
विधायक नंद ने वार्ड 1, 6, 9, 10 समेत विभिन्न वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया। वहीं, वार्ड 3, 7 और 9 में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर नगर पालिका में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में नगर पालिका में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है, जिससे बुनियादी सुविधाओं की स्थिति दयनीय हो गई है। उन्होंने कहा कि सरायपाली की जनता इस बार बदलाव चाहती है और कांग्रेस को जिताने का मन बना चुकी है।
इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। प्रचार अभियान में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अमृत पटेल, पूर्व मंडी अध्यक्ष सीता पटेल, पूर्व पार्षद सुरेश भोई, पार्षद प्रत्याशी भरत मेश्राम, जयंत यादव, विभीषण चौहान, प्रियांशु चौहान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। आगामी चुनाव में जनता का निर्णय क्या होगा, यह देखने योग्य होगा।
