महासमुंद जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर कड़ी कार्यवाही लगातार जारी है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में प्रशासन ने 6 जनवरी को दो मामलों में 166 क्विंटल धान (415 बोरा) जप्त किया।
जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान अब तक कुल 143 मामलों में कार्यवाही की गई है, जिसमें 9,425.77 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इनमें से 3 मामले अंतर्राज्यीय और 140 मामले राज्यीय स्तर के हैं। अवैध धान परिवहन में उपयोग किए गए 14 वाहन भी जब्त किए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना उचित दस्तावेज और अनुमति के धान का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही, अवैध व्यापार में शामिल व्यापारियों पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है। इस तरह की कार्यवाही से अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और धान खरीद की पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
