ग्राम बैतारी और सांकरा में अवैध धान जप्त: प्रशासन की बड़ी कार्यवाही
महासमुंद, 03 जनवरी 2025: जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान भंडारण और परिवहन पर सख्त कार्रवाई जारी है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में सरायपाली तहसील के ग्राम बैतारी में शुक्रवार को राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 चक्का ट्रक से 334 क्विंटल अवैध धान जब्त किया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्यवाही
राजस्व अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा है। जांच के दौरान ट्रक चालक के पास धान परिवहन के लिए वैध दस्तावेज नहीं मिले। तहसीलदार श्री श्रीधर पंडा ने बताया कि यह कृषि मंडी अधिनियम और राजस्व नियमों का उल्लंघन है। ट्रक और उसमें लदे 334 क्विंटल धान को जब्त कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
सांकरा में भी कार्यवाही
इसी क्रम में, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पिथौरा के नेतृत्व में ग्राम सांकरा में विनोद कुमार गर्ग के गोदाम से 70 पैकेट अवैध धान जब्त किए गए। जांच में पाया गया कि धान का भंडारण नियमों के खिलाफ किया गया था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के मामलों पर कड़ी नजर रखी जाएगी, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।