नगर पंचायत बसना में भाजपा की जीत, डॉ. खुशबू अग्रवाल बनीं निर्विरोध अध्यक्ष

नगर पंचायत बसना में भाजपा की जीत, डॉ. खुशबू अग्रवाल बनीं निर्विरोध अध्यक्ष

बसना (महासमुंद)। नगर पंचायत बसना में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. खुशबू अग्रवाल को निर्विरोध नगर पंचायत अध्यक्ष चुना गया है। उनके अलावा तीन वार्डों में भी भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों ने बिना किसी मुकाबले के जीत दर्ज की है।

नगर पंचायत बसना में अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित था। भाजपा ने डॉ. खुशबू अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया, जबकि कांग्रेस ने तुलसी गौतम बंजारा और आम आदमी पार्टी ने आमरीन इल्लू गीगानी को मैदान में उतारा था। इसके अलावा, फाग बाई टंडन निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही थीं। लेकिन नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तक सभी विपक्षी प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिससे भाजपा की डॉ. खुशबू अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हो गईं।

निर्विरोध निर्वाचन के बाद डॉ. खुशबू अग्रवाल ने कहा, “यह जीत बसना की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं की है, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। मेरी प्राथमिकता हर जनकल्याणकारी योजना को अंतिम छोर तक पहुंचाना, युवाओं को नई दिशा देना और नगर पंचायत को विकास की ओर ले जाना होगा।”

तीन वार्डों में भी भाजपा का कब्जा

इसके अलावा, नगर पंचायत के तीन वार्डों में भी भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध पार्षद चुने गए—
वार्ड क्रमांक 4: कांग्रेस प्रत्याशी रमेश दास ने नाम वापस लिया, जिससे भाजपा के आशीष साहू निर्विरोध पार्षद बने।
वार्ड क्रमांक 13: कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मी चंद गुप्ता ने नाम वापस लिया, और भाजपा के राकेश डडसेना निर्विरोध पार्षद बने।
वार्ड क्रमांक 11: कांग्रेस प्रत्याशी अजय दास, निर्दलीय लोकनाथ डडसेना और धनेश्वर दास ने नाम वापस ले लिया, जिससे भाजपा के महेंद्र सिंह अरोड़ा निर्विरोध पार्षद घोषित हुए।

भाजपा की इस जीत से कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है। नगर में जश्न और मिठाइयों का वितरण किया गया। पार्टी नेताओं ने इसे भाजपा संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास की जीत बताया है।

Leave a Comment