डराने-धमकाने की राजनीति कर रही भाजपा: दीपक बैज
सरायपाली में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर बोला हमला
सरायपाली। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने सोमवार को सरायपाली की चुनावी सभा में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार महज एक साल में ही विफल हो गई है, जिससे हर वर्ग में नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब डराने-धमकाने की राजनीति पर उतर आई है और कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव से दूर करने के लिए साजिश रच रही है।
प्रदेशाध्यक्ष बैज दोपहर 12 बजे हाई स्कूल हेलीपैड पहुंचे, जहां स्थानीय विधायक चातुरी नंद, कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी वृंदा भोई और अन्य पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। सभा स्थल पर भारत माता और महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई।
“वादाखिलाफी कर रही भाजपा”
अपने संबोधन में बैज ने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत ₹1000 प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनते ही नियमों में बदलाव कर आधी से अधिक महिलाओं को इस योजना से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में आज भी बिजली, पानी, सड़क जैसी बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।
उन्होंने बलौदाबाजार घटना का जिक्र करते हुए इसे प्रदेश के इतिहास का “काला दिन” बताया और कहा कि भाजपा शासन में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है।
“चुनावी धांधली का आरोप”
दीपक बैज ने कहा कि भाजपा हार से घबराई हुई है और कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनावी मैदान से हटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने धमतरी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द किए जाने और बसना में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की नाम वापसी को “बड़ी डील” करार दिया और कहा कि जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, विधायक चातुरी नंद, पूर्व विधायक राजा देवेंद्र बहादुर सिंह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जनहित की अनदेखी करने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
सभा में मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि पार्टी नगरीय निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
