शंघाई, चीन: पारिवारिक रिश्तों की दरार और बच्चों की बेरुखी के कारण एक बुजुर्ग महिला ने ऐसा निर्णय लिया, जिसने लोगों को चौंका दिया। 68 वर्षीय लियू ने अपनी 2.8 मिलियन डॉलर (लगभग 23 करोड़ रुपये) की संपत्ति अपने पालतू कुत्तों और बिल्लियों के नाम कर दी।
बच्चों की अनदेखी से टूटा मां का दिल
लियू ने बताया कि कुछ साल पहले उन्होंने अपनी संपत्ति अपने बच्चों के नाम कर दी थी। लेकिन जब वह गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं, तब उनके बच्चों ने उनका हालचाल तक नहीं लिया। किसी ने उनसे मिलने की जहमत नहीं उठाई, जिससे वह बेहद आहत हुईं। उन्होंने कहा, “जब मैं सबसे ज्यादा परेशान थी, तब मेरे पालतू जानवर ही मेरे साथ थे। उन्होंने मुझे जीने का सहारा दिया।”
पालतू जानवरों के लिए बनाई नई वसीयत
लियू ने अपनी नई वसीयत में यह शर्त रखी कि उनकी पूरी संपत्ति केवल उनके पालतू जानवरों और उनकी संतानों की देखभाल के लिए इस्तेमाल की जाए। जानवरों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने एक स्थानीय वेटनरी क्लीनिक को इस संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया।
कानूनी सीमाएं और समाधान
चीन के कानून के अनुसार, जानवरों के नाम सीधे तौर पर संपत्ति नहीं छोड़ी जा सकती। इसलिए लियू ने वसीयत में वेटनरी क्लीनिक को मध्यस्थ बनाकर यह सुनिश्चित किया कि उनकी संपत्ति का सही उपयोग हो।
बदलाव का विकल्प अब भी खुला
लियू ने अपनी वसीयत में एक विकल्प भी रखा है। उन्होंने कहा कि अगर उनके बच्चे अपने व्यवहार में सुधार करते हैं और उनकी देखभाल करने लगते हैं, तो वह वसीयत को दोबारा संशोधित कर सकती हैं।