दिव्यांग बच्चों के लिए खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम का सफल आयोजन

महासमुंद-शासकीय बहु दिव्यांग विशेष विद्यालय, महासमुंद में सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिव्यांग बच्चों के लिए आयोजित खेल-कूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम बेहद उत्साहपूर्ण रहे। इस आयोजन ने बच्चों को अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को प्रदर्शित करने का एक विशेष मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम में कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, 200 मीटर दौड़ जैसे खेलों के साथ-साथ नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। बच्चों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था भी की गई, जिससे उनकी खुशी और बढ़ गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती संगीता सिंह, उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, महासमुंद, उपस्थित रहीं। उनके साथ समाज कल्याण विभाग और संस्था के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल हुए।

आयोजन के अंत में बच्चों को उनकी शानदार प्रस्तुति के लिए पुरस्कार वितरित किए गए। इस कार्यक्रम ने न केवल बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास जगाया, बल्कि उनके अभिभावकों और आयोजकों को भी गर्व का अनुभव कराया।

Leave a Comment