शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और सामाजिक सुरक्षा से होंगे सशक्त
महासमुंद, 30 अप्रैल 2025।
जिले में सुशासन तिहार के अंतर्गत शासकीय योजनाएं अब गाँव-गाँव तक पहुँच रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शिता और कलेक्टर महासमुंद के सक्रिय नेतृत्व में प्रशासनिक तंत्र ने ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से काम किया है। इसका प्रत्यक्ष लाभ ग्राम पुरषोत्तमपुर और जमदरहा के श्रमिकों को मिला, जिन्हें अल्प समय में श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए।
पुरषोत्तमपुर के संतोष कुमार विश्वकर्मा, नैन बाई, यशोदा साहू और जमदरहा की विनीता सिदार द्वारा श्रमिक पंजीयन हेतु दिए गए आवेदन को श्रम विभाग ने प्राथमिकता पर लिया। शीघ्र सत्यापन पश्चात पंजीयन प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए।
इन प्रमाण पत्रों के माध्यम से श्रमिक अब मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक सेवा योजना, श्रमिक स्वास्थ्य सहायता योजना, शिक्षा प्रोत्साहन योजना सहित कई लाभकारी योजनाओं के पात्र बन गए हैं। ये योजनाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में व्यापक सहायता प्रदान करती हैं।
प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों ने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि अब उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर और सरलता से मिलेगा, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य यही है—”योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक“, और महासमुंद जिले में यह उद्देश्य धरातल पर साकार होता दिख रहा है।